IMG-20260721-WA0040
  • एनएमसी की कमियां 27 जुलाई से पहले पूरी करने के निर्देश, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सचिव से वार्ता कर जल्द स्वीकृति दिलाने का जताया भरोसा

रुद्रपुर। रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज को वर्ष 2026 से शुरू कराने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। विधायक शिव अरोरा ने सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों, मेडिकल कॉलेज प्रशासन और कार्यदायी संस्था पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा बताई गई कमियों को निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक शिव अरोरा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन और उनके लगातार प्रयासों से मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। हालांकि हाल ही में एनएमसी के निरीक्षण में फैकल्टी, आवश्यक संसाधनों और कुछ निर्माण कार्यों में कमी पाए जाने के कारण कॉलेज को तत्काल स्वीकृति नहीं मिल सकी। आयोग ने 27 जुलाई तक सभी कमियां दूर कर दोबारा आवेदन करने का अवसर दिया है।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और एनएमसी के सभी मानकों को समय से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज जिले और कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से एक बड़ी सौगात साबित होगा।

विधायक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय से भी इस संबंध में बातचीत की। स्वास्थ्य मंत्री ने आवश्यक मानकों को शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिया, जबकि स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में फैकल्टी और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था तेजी से की जा रही है ताकि 27 जुलाई से पहले एनएमसी में दोबारा अपील की जा सके।

शिव अरोरा ने विश्वास जताया कि सभी कमियां समय रहते पूरी कर ली जाएंगी और एनएमसी से मंजूरी मिलते ही वर्ष 2026 से रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की कक्षाएं शुरू होने के साथ-साथ मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलने लगेंगी।

निरीक्षण के दौरान सीडीओ दिवेश शाशनी, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. ऊषा रावत, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता नवीन नवानी, पार्षद निमित्त शर्मा, मंडल अध्यक्ष धीरेश गुप्ता, के.पी. राठी, राधेश शर्मा, मयंक कक्कड़ सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!