- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता, चोरी की नकदी जमा खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई जारी
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने पंतनगर क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में गठित चार विशेष पुलिस टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और सटीक सुरागरसी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 160 ग्राम सोने के आभूषण, एक किलो चांदी के आभूषण तथा चोरी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 16 जून 2026 को शांतिपुरी नंबर-1 निवासी प्रकाश चन्द ने थाना पंतनगर में तहरीर देकर बताया था कि 15/16 जून की रात अज्ञात चोर उनके नवनिर्मित मकान की खिड़की की ग्रिल और जाली हटाकर घर में घुस गए। चोर घर में रखे पत्नी, माता और बहू के सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब सात से आठ लाख रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना पंतनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने लगातार जांच करते हुए 15 जुलाई 2026 को गडरियाबाग, किच्छा निवासी अजय उर्फ अज्जू (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर चोरी के 160 ग्राम सोने के आभूषण, लगभग एक किलो चांदी के आभूषण, भगवान गणेश एवं माता लक्ष्मी की प्रतिमाएं, पायल, बिछुए, कमरबंद सहित अन्य सामान तथा चोरी में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से चोरी की गई थी और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदातों को अंजाम दिया जाता था। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी की गई लगभग सात लाख रुपये की नकदी अपने बैंक खातों में जमा कर दी है। पुलिस संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस जांच में घटना में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी, नकबजनी और आयुध अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
