- थाना दिवस में जनप्रतिनिधियों व व्यापारियों से किया संवाद, यातायात सुधार, रात्रि गश्त बढ़ाने और अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
दिनेशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशानुसार रविवार को थाना दिनेशपुर परिसर में “थाना दिवस” के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करना तथा जन-शिकायतों का मौके पर ही प्रभावी निस्तारण करना रहा। जनता दरबार में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।
जनता दरबार के दौरान ग्रामीणों और व्यापारियों ने क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम से राहत दिलाने, नशे के खिलाफ अभियान तेज करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग प्रमुखता से उठाई। एसएसपी अजय गणपति ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल कार्ययोजना बनाकर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल ही अपराधमुक्त समाज की नींव है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आमजन के साथ मित्रवत व्यवहार करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पीड़ित बिना किसी भय के अपनी शिकायत पुलिस के समक्ष रख सके, इसके लिए संवेदनशील पुलिसिंग आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि और नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही विभिन्न मामलों में जेल से छूटे अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता दरबार में मौजूद लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग का भरोसा जताया।
