नैनीताल। तीन दिन से लापता 31 वर्षीय युवक का शव मंगलवार को पाषाण देवी मंदिर के समीप नैनी झील से बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को झील से बाहर निकालकर कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सात नंबर निवासी प्रकाश आर्या (31) मल्लीताल स्थित एक होटल में कार्यरत था। शनिवार रात करीब आठ बजे वह होटल से यह कहकर निकला था कि वह तल्लीताल स्थित अपने एक मित्र के कमरे पर जा रहा है। हालांकि वह वहां नहीं पहुंचा। अगले दिन जब वह ड्यूटी पर भी वापस नहीं लौटा तो होटल स्वामी ने इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।
परिजनों ने युवक की तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पाषाण देवी मंदिर के समीप झील किनारे प्रकाश का बैग, कपड़े, जूते और दूध की बोतल मिली। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी।
मंगलवार को पाषाण देवी मंदिर के पास झील में एक शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को झील से बाहर निकाला। बाद में शव की पहचान लापता युवक प्रकाश आर्या के रूप में हुई।
एएसआई सुनील कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
