IMG-20260629-WA0012

हरिद्वार। श्यामपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब हरिद्वार से आ रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और सामने से आ रहे एक पिकअप वाहन के बीच 4.2 फ्लाईओवर के पास आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

गंगा स्नान कर लौट रहा था परिवार

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार सभी लोग गंगा स्नान कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और सामने से आ रही रोडवेज बस से सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में बस में सवार यात्रियों में भी अफरा-तफरी मच गई, हालांकि गंभीर चोटें मुख्य रूप से पिकअप में सवार लोगों को आईं।

तीन लोगों की मौत, पांच का इलाज जारी

हादसे में अहान (18 वर्ष) पुत्र शराफत निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद, फहीम (35 वर्ष) पुत्र अमानत तथा एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। घायलों में सोहने लाल (25 वर्ष) पुत्र राम रईस निवासी ग्राम रीठ मानसिंह, हरदोई, शराफत (42 वर्ष) पुत्र सरमद निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद, शबाना (35 वर्ष) पत्नी शराफत, अनु (18 वर्ष) पुत्र मेहंदी हसन निवासी बढ़ापुर, नजीबाबाद तथा समीम (42 वर्ष) पुत्र हसीनुद्दीन निवासी बिजनौर शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक अहान के माता-पिता शराफत और शबाना भी इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका उपचार अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

श्यामपुर थाना पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिए हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

error: Content is protected !!