IMG_20260624_202318
  • 250 से अधिक NCC कैडेट्स, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग व निवेश धोखाधड़ी से बचाव के बताए गए उपाय

पंतनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे साइबर जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को पंतनगर महाविद्यालय में संचालित NCC कैडेट कैंप में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 250 से अधिक NCC कैडेट्स, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग कर साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रतिभागियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी निवेश योजनाओं और ऑनलाइन जॉब फ्रॉड जैसे बढ़ते साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों से अवगत कराते हुए उनसे बचाव के प्रभावी उपाय भी बताए गए।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों को फर्जी लिंक, नकली कस्टमर केयर कॉल, KYC अपडेट, लॉटरी और बैंक अधिकारी बनकर की जाने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की सलाह दी गई। इसके अलावा मजबूत पासवर्ड बनाने, OTP, CVV और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने पर विशेष जोर दिया गया।

साइबर क्राइम टीम ने सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, फेक प्रोफाइल से सतर्क रहने तथा निजी जानकारी सार्वजनिक न करने की सलाह भी दी। ऑनलाइन निवेश और पार्ट टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, स्थानीय पुलिस अथवा साइबर सेल से संपर्क करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर SSP अजय गणपति ने अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को सतर्क और जागरूक रहना चाहिए। किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक, मैसेज अथवा लालच भरे ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास न करें तथा अपनी बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर अपराध होने की स्थिति में तुरंत पुलिस अथवा हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित करें।

error: Content is protected !!