- मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और दीपक कुमार दबोचे गए, पुलिस ने लोडेड पिस्टल और छह जिंदा कारतूस किए बरामद
रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में एक परिवार को पिस्टल दिखाकर धमकाने और दहशत फैलाने के मामले में रुद्रपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार 10 जून 2026 को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक घर पर पहुंचकर परिवार को धमकाने और पिस्टल दिखाकर भय का माहौल बनाने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना स्थल से पुलिस ने एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए थे।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई की आत्महत्या के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान आरोपियों ने परिवार को धमकाया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने 15 जून को मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आने वाले आरोपी दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा रहा है।
बरामदगी
- एक लोडेड .30 बोर पिस्टल
- छह जिंदा कारतूस
पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कदम उठाए जाएंगे।
