IMG-20260610-WA0046
  • तेल कंपनियों के बढ़ते मुनाफे के बावजूद आम उपभोक्ताओं को नहीं मिल रही राहत, महंगाई से बिगड़ रहा घरेलू बजट: ठुकराल

रूद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने पेट्रोलियम उत्पादों और घरेलू एलपीजी गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के लगातार बढ़ते मुनाफे के बावजूद आम जनता को राहत नहीं दी जा रही है, जिससे महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।

मीडिया को जारी बयान में ठुकराल ने दावा किया कि सरकारी तेल कंपनियों ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का मुनाफा कमाया है। उन्होंने कहा कि जनवरी से मार्च 2026 के दौरान भी तेल कंपनियों का लाभ करीब 19 हजार करोड़ रुपये रहा, लेकिन इसके बावजूद पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की कीमतों में राहत नहीं दी गई।

उन्होंने कहा कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। मध्यम वर्ग और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए घरेलू खर्चों का प्रबंधन लगातार मुश्किल होता जा रहा है। ठुकराल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ता है, जिससे खाद्य पदार्थों समेत दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तेल कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों पर काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई से जूझ रही है। उन्होंने मांग की कि तेल कंपनियों के मुनाफे का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए और पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस की कीमतों की समीक्षा कर राहत दी जाए।

ठुकराल ने कहा कि बढ़ती महंगाई से लोगों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है और जनता में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने और आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की।

error: Content is protected !!