file_000000007d8c71faa1dccecf276b6638
  • पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों ने घाटों, जंगलों व मुख्य मार्गों पर की सघन जांच, खनन माफियाओं में मचा हड़कंप

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के अपराधमुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए एसएसपी अजय गणपति ने जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध सख्त अभियान शुरू कर दिया है। उनके निर्देशन में बाजपुर सर्किल क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमों ने विशेष मेगा चेकिंग अभियान चलाकर खनन माफियाओं पर शिकंजा कसने का काम किया।

अभियान के तहत बाजपुर पुलिस ने गौ घाट, प्रधान घाट, बाजार घाट सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग की। वहीं गदरपुर पुलिस ने गूलरभोज एवं मोहाली जंगल क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया। केलाखेड़ा पुलिस ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की तथा लगातार गश्त की।

अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने पुलिस के साथ खनन क्षेत्रों में पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान खनन सामग्री से भरे ट्रकों और डंपरों की रॉयल्टी सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।

चेकिंग अभियान के दौरान चौकी सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में लगभग 40 से 45 वाहनों तथा बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र में करीब 25 वाहनों की जांच की गई। जांच में किसी भी वाहन में अवैध उपखनिज नहीं पाया गया तथा सभी वाहनों के पास वैध रॉयल्टी और आवश्यक दस्तावेज मौजूद मिले।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।

error: Content is protected !!