IMG-20260603-WA0072
  • पुरानी रंजिश में युवक पर किया था क्रूर हमला, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को रुद्रपुर पुलिस ने दबोचा; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते युवक की जीभ काटकर उसे गंभीर रूप से घायल करने के सनसनीखेज मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी जितेन्द्र पुत्र जागन लाल को कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सघन निगरानी और लगातार दबिश के चलते आखिरकार वह कानून के शिकंजे में आ गया।

गौरतलब है कि 10 अप्रैल 2026 को रम्पुरा निवासी राज कोली पर पुरानी रंजिश के चलते कई लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया था। हमले के दौरान आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए उसकी जीभ काट दी थी। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। फरार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट भी जारी किए गए थे।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जितेन्द्र रम्पुरा क्षेत्र में मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद पुलिस अपराध और अपराधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और शेष फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

error: Content is protected !!