IMG-20260603-WA0027
  • ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैम्प और खटीमा पुलिस की संयुक्त सफलता, कई वाहन चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ट्रांजिट कैम्प और खटीमा पुलिस की अलग-अलग टीमों ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार जनपद में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी।

ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने तीन वाहन चोर दबोचे

कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस को 2 जून को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गणेशपुर रोड स्थित खंडहर के पास मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर सचिन पाल, अरुण और आशीष श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की।

आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों और सुनसान स्थानों से पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। बरामद वाहन ट्रांजिट कैम्प और पंतनगर थाना क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए।

खटीमा पुलिस ने दो शातिर चोरों को पकड़ा

खटीमा क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने फरमान फरीदी उर्फ फुकना को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी के अन्य वाहनों को झाड़ियों में छिपाकर रखने की जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस ने पवन धामी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बाजारों, जिम, दुकानों और कॉलोनियों में खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी कर उन्हें चोरी करते थे और बाद में कम कीमत पर बेच देते थे।

11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हीरो स्प्लेंडर, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो पैशन प्रो, टीवीएस स्पोर्ट और यामाहा आरएक्स समेत कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

ऑपरेशन प्रहार जारी

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में संपत्ति संबंधी अपराधों, वाहन चोरी और संगठित अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है तथा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

error: Content is protected !!