1C6E02FD-093A-4BB7-8E00-698591890BCB

हेल्थ डेस्क, नवभारत मीडिया

लगातार बढ़ रही गर्मी लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल रही है। तेज धूप, अधिक पसीना और शरीर में पानी की कमी के कारण कई लोगों में ब्लड प्रेशर से जुड़ी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में डिहाइड्रेशन और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बिगड़ने से रक्तचाप प्रभावित हो सकता है। ऐसे में कुछ लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

इन लोगों में अधिक रहता है खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार बुजुर्गों में गर्मी का असर अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिलता है। बढ़ती उम्र के साथ शरीर की रक्त वाहिकाएं तापमान में होने वाले बदलाव के अनुरूप तेजी से प्रतिक्रिया नहीं कर पातीं, जिससे ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग, किडनी संबंधी बीमारी और डायबिटीज से पीड़ित लोगों में भी जोखिम बढ़ जाता है। मोटापे से ग्रस्त लोगों को भी गर्म मौसम में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है। वहीं कुछ विशेष दवाओं का सेवन करने वाले लोगों में भी शरीर के पानी और नमक का संतुलन प्रभावित हो सकता है।

बाहर काम करने वालों को भी सतर्क रहने की जरूरत

विशेषज्ञ बताते हैं कि लंबे समय तक धूप में काम करने वाले मजदूर, खिलाड़ी और खुले वातावरण में अधिक समय बिताने वाले लोग भी खतरे की श्रेणी में आते हैं। लगातार पसीना निकलने और पर्याप्त पानी न पीने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिससे रक्तचाप प्रभावित होने की आशंका बढ़ जाती है।

कैसे करें बचाव?

गर्मी के मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना सबसे जरूरी माना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराने और डॉक्टर की सलाह के बिना दवाओं में बदलाव न करने की सलाह देते हैं। साथ ही अधिक नमक, तला-भुना भोजन और शराब के सेवन से बचने की भी सलाह दी जाती है। संतुलित आहार और नियमित दिनचर्या गर्मी के दुष्प्रभावों को कम करने में मदद कर सकती है।

खानपान का रखें विशेष ध्यान

हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को ताजे फल, हरी सब्जियां, दालें, साबुत अनाज और कम वसा वाले डेयरी उत्पादों का सेवन करना चाहिए। केला, नारियल पानी और पालक जैसे पोटैशियम युक्त खाद्य पदार्थ भी लाभदायक माने जाते हैं। वहीं चिप्स, नमकीन, अचार, प्रोसेस्ड फूड, अत्यधिक मीठे पेय पदार्थ और शराब का सेवन सीमित रखना चाहिए, क्योंकि ये रक्तचाप बढ़ाने का कारण बन सकते हैं।

कब तुरंत लें डॉक्टर की सलाह?

यदि गर्मी के दौरान बार-बार चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना, सांस फूलना या ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा हुआ दिखाई दे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेषज्ञों के अनुसार लंबे समय तक अनियंत्रित हाई ब्लड प्रेशर हृदय और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में थोड़ी सी सावधानी और नियमित स्वास्थ्य जांच से ब्लड प्रेशर से जुड़ी कई समस्याओं से बचा जा सकता है।

error: Content is protected !!