- पति से विवाद के कुछ घंटे बाद फंदे से लटका मिला शव
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के लालकुआं क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। अंबेडकर नगर निवासी 20 वर्षीय अंजुम का शव रविवार को उसके घर में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अंजुम की शादी करीब एक वर्ष पूर्व मोहिन खान से हुई थी। रविवार सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद मोहिन काम के सिलसिले में वाहन लेकर जंगल क्षेत्र की ओर चला गया, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी अपने-अपने कार्यों से घर से बाहर चले गए। उस समय अंजुम घर में अकेली थी।
कुछ समय बाद जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने अंजुम को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका होने पर परिजन कमरे में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अंजुम का शव कमरे में लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
उधर, शादी के महज एक वर्ष बाद हुई इस दुखद घटना से मोहल्ले में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध नजर आ रहा है।
