IMG-20260524-WA0000
  • देहरादून के DM और गढ़वाल कमिश्नर बदले

देहरादून (नवभारत मीडिया ब्यूरो):

उत्तराखंड के प्रशासनिक गलियारे से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर सामने आ रही है। राज्य सरकार ने लंबे इंतजार के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए नौकरशाही में एक बहुत बड़ा फेरबदल किया है। शासन द्वारा जारी की गई बंपर तबादला सूची में IAS, PCS और सचिवालय सेवा के कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों में भारी उलटफेर किया गया है। सरकार के इस बड़े कदम से न सिर्फ कई जिलों के कप्तान बदल गए हैं, बल्कि कई महत्वपूर्ण विभागों की कमान भी नए हाथों में सौंप दी गई है।

इस पूरी तबादला सूची में सबसे ज्यादा चौंकाने वाले और बड़े बदलाव राजधानी देहरादून और गढ़वाल मंडल में देखने को मिले हैं। शासन ने अब तक गढ़वाल कमिश्नर की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विनय शंकर पांडे को इस पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर अब आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडल का नया कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वहीं, विनय शंकर पांडे को अब स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में सचिव के तौर पर एक बड़ी और नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रशासनिक सर्जरी यहीं नहीं रुकी; शासन ने राजधानी देहरादून के जिलाधिकारी को भी पद से हटाकर उन्हें नियोजन विभाग में भेज दिया है, जबकि उनके स्थान पर तेजतर्रार अधिकारी आशीष चौहान को देहरादून का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा, अब तक स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देख रहे सचिन कुर्वे को राज्य सरकार ने केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए सेवा से रिलीज कर दिया है। इसी कड़ी में कुमाऊं के बागेश्वर जिले में भी बदलाव करते हुए अपूर्व पांडे को वहां का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। दूसरी ओर, बीवीआरसी पुरुषोत्तम को अब उच्च शिक्षा सचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है, हालांकि उनकी पूर्व की बाकी जिम्मेदारियां यथावत बनी रहेंगी।

प्रमुख विभागों में नई नियुक्तियां

विभागों के इस बड़े पुनर्गठन में कई अन्य वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के कंधों पर भी नए विभागों का बोझ डाला गया है। वरिष्ठ अधिकारी संजय कुमार को अब समाज कल्याण विभाग में निदेशक की कुर्सी सौंपी गई है, तो वहीं अभिषेक रूहेला को पीएमजीएसवाई का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर बदलाव करते हुए सौरभ गहरवाल को अपर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास के साथ-साथ निदेशक यूडीआरपी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि सिडकुल के प्रबंध निदेशक का पद भी उनके पास बना रहेगा।

राजधानी के स्थानीय प्रशासन को मजबूत करने के लिए आलोक कुमार पांडे को देहरादून नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। शिक्षा विभाग में भी बड़ा फेरबदल हुआ है, जिसके तहत नमामि बंसल को अपर सचिव विद्यालय शिक्षा और आकांक्षा कोडे को विद्यालय शिक्षा विभाग में महानिदेशक के साथ-साथ कर्मचारी बीमा योजना के निदेशक पद की दोहरी जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा, संदीप तिवारी को गढ़वाल मंडल विकास निगम का नया प्रबंध निदेशक बनाने के साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक का अहम जिम्मा सौंपा गया है। दीप्ति सिंह को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और खेल विभाग में निदेशक के साथ-साथ अल्पसंख्यक कल्याण निगम के एमडी पद की जिम्मेदारी मिली है, जबकि प्रतीक जैन को आयुक्त कर और महानिदेशक निबंधक बनाया गया है।

पीसीएस और सचिवालय सेवा में भी बड़ा उलटफेर

आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) और सचिवालय सेवा के अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी व्यापक बदलाव किया गया है। सचिवालय सेवा के गिरधारी सिंह रावत को अपर सचिव सूचना प्रौद्योगिकी बनाया गया है, जबकि ईलागिरी को निदेशक दुग्ध विकास और महिला डेयरी की कमान सौंपी गई है। सुंदरलाल सेमवाल अब शासन में अपर सचिव सचिवालय प्रशासन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

इसी तरह महावीर सिंह चौहान को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव और सुनील सिंह को गृह विभाग में अपर सचिव जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। जिला स्तर पर प्रशासनिक कसावट लाते हुए फ़िंचा राम को एडीएम पौड़ी, जितेंद्र कुमार को एडीएम हरिद्वार, योगेश मेहरा को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार और प्रमोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर चंपावत के पद पर तैनात किया गया है। इसके अतिरिक्त, अनिल गर्ब्याल को उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक पद की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

error: Content is protected !!