- एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में निकाली गई रैली
- बिना हेलमेट वाहन चालकों को पहनाए हेलमेट
रूद्रपुर। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में विशाल यातायात जागरूकता रैली निकाली। ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ थीम पर आयोजित इस रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। रैली में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया।
अभियान की शुरुआत पुलिस कार्यालय रूद्रपुर से हुई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर हमारी सुरक्षा के लिए यातायात नियम बेहद उपयोगी हैं और इनका पालन करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने सुगम यातायात संचालन के लिए पुलिस मुख्यालय से प्राप्त नई मोटरसाइकिल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद पुलिस कार्यालय से शुरू हुई रैली डीडी चौक, त्रिशूल चौक और नैनीताल रोड सहित शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया और नियमों का पालन करने की अपील की।
रैली जब त्रिशूल चौक पहुंची तो वहां विशेष यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात की ओर से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया और उन्हें हेलमेट पहनाकर भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट लगाने की हिदायत दी गई। इस अनूठे अभियान को लोगों ने सराहा और सड़क सुरक्षा के प्रति पुलिस की पहल की प्रशंसा की।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आमजन को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करने, तीन सवारी न बैठाने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की। साथ ही नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपने और सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने संबंधी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सड़क सुरक्षा हमारे दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा होनी चाहिए। यातायात नियम लोगों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं और ऊधम सिंह नगर पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर प्रत्येक नागरिक की यात्रा को सुरक्षित बनाना है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात, पुलिस उपाधीक्षक रूद्रपुर, प्रतिसार निरीक्षक, निरीक्षक यातायात, सीपीयू तथा जनपद के विभिन्न थानों और पुलिस कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
