- करीब 28 दिन चली जांच के बाद हुई कार्रवाई
- पूर्व विधायक ठुकराल ने दी थी आंदोलन की चेतावनी
रूद्रपुर। चर्चित डंपर वसूली मामले में भाजपा नेता विकास सागर पर आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। लंबे समय से चर्चा में चल रहे इस मामले में करीब 28 दिन तक चली जांच के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस अजय गणपति के आदेश पर पुलिस ने विकास सागर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों राम सिंह नामक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विकास सागर डंपरों की एंट्री के नाम पर प्रतिमाह 70 हजार रुपये की वसूली कर रहा था। आरोप में कहा गया कि वाहन स्वामियों और चालकों को यह भरोसा दिलाया जाता था कि यदि नियमित रूप से रकम दी जाएगी तो किसी भी वाहन के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी और ओवरलोडिंग या अन्य मामलों में संरक्षण दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इसी बीच पुलिस ने ओवरलोडिंग में चल रहे एक डंपर को सीज कर दिया। इसके बाद वाहन स्वामियों और संबंधित लोगों में नाराजगी फैल गई और पूरे कथित वसूली कांड का मामला खुलकर सामने आ गया। मामले के सार्वजनिक होने के बाद यह प्रकरण लगातार सुर्खियों में बना रहा।
मामले को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी मोर्चा खोल दिया था। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित कई पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही चेतावनी दी थी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो वह उपवास और धरने पर बैठेंगे। इसके बाद राजनीतिक स्तर पर भी इस प्रकरण को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।
सूत्रों के अनुसार मामले में विभिन्न स्तरों पर जांच की जा रही थी और पुलिस कई पहलुओं को खंगाल रही थी। लगभग 28 दिन तक चली जांच प्रक्रिया के बाद आखिरकार पुलिस ने विकास सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अब मामले में वसूली, वाहन संचालन और अन्य संबंधित तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
