IMG_20260512_123914

शुभम कुमार

छत्तीसगढ़। जांजगीर चांपा जिले के घुरकोट गांव से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां कटा हुआ तरबूज खाने के बाद 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से बीमार पड़ गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार 15 वर्षीय अखिलेश धीवर अपने रिश्तेदारों के घर घूमने आया हुआ था। रविवार शाम को घर में पहले से रखा कटा हुआ तरबूज बच्चों ने खाया, जिसके कुछ समय बाद अखिलेश की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने बताया कि उसे उल्टी, दस्त और सांस लेने में परेशानी होने लगी थी, जिसके बाद घर के तीन अन्य बच्चों में भी यही लक्षण दिखाई दिए।

आनन फानन में सभी बच्चों को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अखिलेश को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में उपचाराधीन अन्य बच्चों की पहचान श्री धीवर, पिंटू धीवर और हितेश धीवर के रूप में हुई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि तरबूज सुबह काटा गया था और कई घंटों तक खुले में रखे रहने के कारण उसमें बैक्टीरिया या संक्रमण पनप गया होगा। शुरुआती जांच में मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा जांच के लिए भेज दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार मौत और बीमारी की असली वजह फॉरेंसिक और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने घर में रखे दूसरे तरबूज को भी जांच हेतु कब्जे में ले लिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने इस घटना के बाद लोगों को सलाह दी है कि गर्मियों में कटे हुए फलों को लंबे समय तक खुला न छोड़ें और तरबूज जैसे फलों को काटने के तुरंत बाद ही ग्रहण करें। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।

error: Content is protected !!