Screenshot_20

रुद्रपुर: गैस किल्लत पर फूटा जनता का गुस्सा, मेयर विकास शर्मा का घेराव; खटीमा में रंगे हाथ पकड़ा गया सिलेंडर चोर

रुद्रपुर/खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले में रसोई गैस का संकट गहराता जा रहा है। शुक्रवार को रुद्रपुर की बोरा गैस एजेंसी पर घंटों लाइन में लगे उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। मौके पर पहुँचे मेयर विकास शर्मा को आक्रोशित लोगों ने घेर लिया और अव्यवस्थाओं को लेकर जमकर खरी-खोटी सुनाई। वहीं, खटीमा में एक बैंक्वेट हॉल से सिलेंडर चोरी कर भाग रहे बरेली के शातिर चोर को स्थानीय लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया।

रुद्रपुर: मेयर ने प्रबंधक को लगाई फटकार, बनाया जाएगा रोस्टर

रुद्रपुर की बोरा गैस एजेंसी में पिछले कई दिनों से लोग सिलेंडर के लिए धक्के खा रहे हैं। शुक्रवार को मेयर विकास शर्मा जब एजेंसी पहुँचे, तो उपभोक्ताओं ने उन्हें घेरते हुए कहा कि स्टॉक होने के बावजूद उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रखा जा रहा है। मेयर ने जनता की शिकायत पर कड़ा रुख अपनाते हुए एजेंसी प्रबंधक को फटकार लगाई और स्पष्ट किया कि गैस वितरण में मनमानी बर्दाश्त नहीं होगी।

मेयर ने इंडेन गैस एजेंसी की तर्ज पर सभी वार्डों के लिए स्पष्ट रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऑनलाइन बुकिंग का सहारा लें ताकि सिलेंडर सीधे उनके घर पहुँचे और उन्हें एजेंसी के चक्कर न काटने पड़ें।

खटीमा: बैंक्वेट हॉल से सिलेंडर उड़ाने वाला बरेली का चोर गिरफ्तार

खटीमा के झनकईया थाना क्षेत्र में सिलेंडर चोरी की एक रोचक घटना सामने आई। नौ अप्रैल की रात राजीव नगर स्थित एक बैंक्वेट हॉल में प्रोग्राम के दौरान कमल गुप्ता (निवासी बरेली) ने एक खाली सिलेंडर पार कर दिया। शुक्रवार सुबह जब वह सिलेंडर लेकर भागने की फिराक में था, तो कैटरिंग संचालक सूरज पाल शर्मा ने उसे पहचान लिया। पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया गया और पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है।

error: Content is protected !!