ऋषिकेश: सेल्फी का शौक पड़ा भारी, नोएडा का युवक चीला नहर के तेज बहाव में बहा; SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
ऋषिकेश/लक्ष्मणझूला। तीर्थनगरी ऋषिकेश और हरिद्वार घूमने आए नोएडा के तीन दोस्तों की यात्रा उस समय मातम में बदल गई, जब सेल्फी लेने के चक्कर में एक युवक का पैर फिसल गया और वह चीला नहर के उफनते पानी में बह गया। घटना राज-चीला मोटर मार्ग पर कुमाऊं सौड़ गुर्जर बस्ती के पास की है। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ (SDRF) ढालवाला की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी युवक का कुछ पता नहीं चल पाया है।
कैसे हुआ हादसा?
लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी सूर्य भूषण नेगी के अनुसार, सोमवार को गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) से तीन मित्र—आयुष, ऋतिक मिश्रा और श्रुति वत्स अपनी निजी कार से घूमने आए थे। चीला-ऋषिकेश मार्ग पर कुमाऊं सौड़ के समीप आयुष (26 वर्ष) सेल्फी लेने के लिए नहर के किनारे बने पैराफिट (सुरक्षा दीवार) को पार कर अंदर की ओर चला गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गया।
दोस्तों के सामने ही ओझल हुआ युवक
मूल रूप से बिहार के पटना निवासी और वर्तमान में नोएडा सेक्टर-16 में रह रहे आयुष को बहता देख उसके दोस्तों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। एसडीआरएफ के जवानों ने नाव और अन्य रेस्क्यू उपकरणों के साथ देर शाम तक नहर में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण अभियान को रोकना पड़ा, जिसे मंगलवार सुबह दोबारा शुरू किया गया है।
