Screenshot_20

गदरपुर में रसोई गैस की कालाबाजारी पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’: भूसे के ढेर से मिले सिलिंडर; 3 जब्त, एक ही परिवार में 3 पासबुक मिलने पर जांच शुरू

गदरपुर/रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में रसोई गैस की कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। खेमपुर क्षेत्र में अवैध रूप से गैस सिलिंडरों के भंडारण और ब्लैक मार्केटिंग की गोपनीय शिकायत पर एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने छापा मारा। इस दौरान शातिर तरीके से भूसे के ढेर में छिपाकर रखे गए सिलिंडरों को बरामद किया गया। प्रशासन की इस मुस्तैदी से क्षेत्र के गैस माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

एसडीएम ऋचा सिंह को शुक्रवार को सूचना मिली थी कि खेमपुर में कुछ लोग घरेलू गैस सिलिंडरों को छिपाकर ऊंचे दामों पर बेच रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट और राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुँची एसडीएम को तलाशी के दौरान भूसे के ढेर के बीच से 9 सिलिंडर मिले। प्रारंभिक जांच में 6 सिलिंडरों के वैध दस्तावेज पाए गए, जबकि 3 सिलिंडरों का कोई रिकॉर्ड न मिलने पर उन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया। मामले में चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब एक ही परिवार के पास 3 गैस पासबुक मिलीं, जिसे लेकर एसडीएम ने पूर्ति निरीक्षक को विस्तृत जांच के कड़े निर्देश दिए हैं।

error: Content is protected !!