बक्सर के चौसा बाजार में शादी समारोह के दौरान युवक ने स्टेज पर चढ़कर मारी गोली, गंभीर हालत में वाराणसी रेफर।
बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में एक शादी समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वरमाला की रस्म के बीच एक युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा बाजार मल्लाह टोली की है, जहां मंगलवार की रात वैवाहिक कार्यक्रम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब दूल्हा और दुल्हन स्टेज पर मौजूद थे, तभी भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी युवक वहां पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
घायल दुल्हन की पहचान आरती कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी बारात उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुरेमनपुर से आई थी। गोली युवती के पेट में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। परिजनों द्वारा आनन-फानन में उसे स्थानीय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया है। फिलहाल युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी की पहचान पड़ोसी युवक दीनबंधु के रूप में हुई है, जो पूर्व में शराब तस्करी के मामले में जेल की सजा भी काट चुका है। घटना के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी के माता-पिता को हिरासत में लिया है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद वैवाहिक स्थल पर सन्नाटा पसर गया और बिना शादी संपन्न हुए ही बारात वापस लौट गई। आरोपी के पिता का कहना है कि उन्हें इस एकतरफा प्रेम प्रसंग की जानकारी नहीं थी। फिलहाल, पुलिस मामले की हर संभावित एंगल से जांच कर रही है और स्थानीय स्तर पर तनाव को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
