देहरादून में दुस्साहस: सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के बाहर जिम से निकलते युवक की गोली मारकर हत्या, शहर में सनसनी

देहरादून 

उत्तराखंड की शांत वादियों वाली राजधानी देहरादून अब अपराध की काली छाया में सिमटती नजर आ रही है। आज सुबह शहर के हृदय स्थल राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स में एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया। जानकारी के अनुसार, एक युवक जब जिम से अपनी कसरत पूरी कर बाहर निकल रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। व्यस्ततम इलाके में हुई इस हत्या से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना गहरा गई है।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न राजधानी में बढ़ता अपराध ग्राफ पुलिस प्रशासन की चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। अभी मात्र तीन दिन पूर्व, 11 फरवरी को ही तिब्बती मार्केट के समीप कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। उस घटना की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि अपराधियों ने राजपुर रोड जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर एक और वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है।

हत्याओं के सिलसिले से सहमा दून बीते कुछ दिनों में हुई वारदातों ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को बेपर्दा कर दिया है:

  • गुंजन हत्याकांड: 2 फरवरी को दूल्हा बाजार में सुबह 11 बजे गुंजन की चापड़ से वार कर नृशंस हत्या कर दी गई थी। यद्यपि आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है, लेकिन वारदातों की पुनरावृत्ति थमने का नाम नहीं ले रही।

  • अन्य घटनाएं: ऋषिकेश में प्रीति रावत, विकासनगर में छात्रा मनीषा तोमर और तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा की हत्या जैसी घटनाओं ने जनमानस को झकझोर कर रख दिया है।

लगातार हो रही इन हत्याओं और बदमाशों के बेखौफ अंदाज ने कानून-व्यवस्था की स्थिति को चिंताजनक बना दिया है। नागरिकों का कहना है कि यदि राजधानी के मुख्य व्यापारिक और सार्वजनिक केंद्रों पर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता किसके भरोसे रहे? फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

error: Content is protected !!