मेरठ में वीआईपी रोड पर स्टंटबाजी: जागरूक नागरिक ने बनाया वीडियो, सत्ता के नशे में चूर युवकों पर कसेगा शिकंजा

मेरठ। उत्तर प्रदेश के वीआईपी जनपदों में शुमार मेरठ से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और पुलिस की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एसएसपी आवास से महज 100 मीटर की दूरी पर ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखी एक कार के बोनट पर बैठकर एक युवक द्वारा खतरनाक स्टंट करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

‘हमारी सरकार है’—दबंगई के बोल प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार दोपहर कुटी चौराहे पर आरोपियों ने अपनी कार को खिलौना बना दिया। कार के बोनट पर युवक को बैठाकर तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ाई गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया और अन्य राहगीरों की जान खतरे में पड़ गई। जब कुछ जागरूक नागरिकों ने इस जानलेवा स्टंट का विरोध किया, तो कार सवार युवक अपनी सत्ता की हनक दिखाने लगे। उन्होंने राहगीरों के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि यह कहकर धमकाया कि “हमारी सरकार है, हम जो चाहेंगे करेंगे।”

पुलिस की मुस्तैदी पर उठे सवाल हैरानी की बात यह है कि यह पूरी वारदात उस इलाके में हुई जहाँ जनपद के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी का निवास है। काफी दूर तक स्टंट करते हुए आ रहे इन युवकों को रोकने के लिए रास्ते में कहीं भी पुलिस गश्त नजर नहीं आई। इसी बीच, एक नागरिक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब आरोपियों के खिलाफ सबसे बड़ा साक्ष्य बन चुका है।

पुलिस की कार्रवाई: दो टीमें गठित वीडियो के संज्ञान में आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच तेज कर दी है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर कार के पंजीकरण नंबर और युवकों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो विशेष टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी रसूख का क्यों न हो।

error: Content is protected !!