- एसएसपी अजय गणपति के सख्त निर्देशों के बाद ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंची टीम
बाजपुर। उधम सिंह नगर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बाजपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर चार वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को संजय कॉलोनी निवासी गवेशकर ने शुगर फैक्ट्री मैदान से अपनी बजाज प्लेटिना (UK18-1075) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं, 3 अगस्त को उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी यूनुस ने बाजपुर स्थित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के बाहर से अपनी पैशन प्रो (UP22M-5441) चोरी होने की तहरीर दी। दोनों मामलों में कोतवाली बाजपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी व प्रभारी निरीक्षक के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शुगर फैक्ट्री क्षेत्र से गौतम टीडा (25), फायम अली उर्फ फईम अली (34), कमल सिंह (36) और सागर (30) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से बाजपुर के दोनों मामलों से संबंधित चोरी की मोटरसाइकिलें तथा थाना गदरपुर में दर्ज एक अन्य वाहन चोरी के मामले की हीरो स्प्लेंडर (UK06-AB-3174) भी बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमों में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह मनराल, उपनिरीक्षक प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल इरफान तथा कांस्टेबल त्रिभुवन पडलिया शामिल रहे।
