- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में किच्छा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पहले ही 6 आरोपी जा चुके हैं जेल
रुद्रपुर/किच्छा। विक्रांत हत्याकांड में किच्छा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त 7.65 एमएम की पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस के अनुसार 26 जून 2026 को रुद्रपुर निवासी कंचन पत्नी विकास ने अपने पुत्र विक्रांत की हत्या के संबंध में थाना किच्छा में मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सितारगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक किच्छा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की। मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर घटना के बाद चीमा अस्पताल, रुद्रपुर में उपचाराधीन था। 2 जुलाई को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल बरामद हुई, जिसके बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ा दी गई।
पुलिस ने बताया कि बंटी ठाकुर का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है। इस हत्याकांड में अब तक कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 6 आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की है। मामले की विवेचना और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।
