- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कार्रवाई; सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट करने वालों पर होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई, गतिविधियों पर रहेगी लगातार निगरानी
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस ने गुरुवार को बड़ी निरोधात्मक कार्रवाई की। कोतवाली रुद्रपुर परिसर में आपराधिक प्रवृत्ति के 12 नवयुवकों को तलब कर उनकी काउंसलिंग की गई और भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस के अनुसार, काउंसलिंग सत्र में कोतवाली रुद्रपुर, ट्रांजिट कैंप और थाना किच्छा क्षेत्र के कुल 12 युवकों को बुलाया गया। अधिकारियों ने सभी को समाज में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, कानून का पालन करने और मुख्यधारा से जुड़ने की सलाह दी।
काउंसलिंग के दौरान पुलिस ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग को लेकर भी स्पष्ट चेतावनी दी। अधिकारियों ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर भ्रामक, असत्य या भड़काऊ पोस्ट डालकर माहौल खराब करने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि काउंसलिंग के बाद भी इन सभी युवकों की गतिविधियों और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। भविष्य में किसी भी अपराध या अराजक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
काउंसलिंग के दौरान सभी युवकों ने भविष्य में अपराध से दूर रहने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और कानून का पालन करने का आश्वासन दिया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिले का माहौल खराब करने, अफवाह फैलाने और शांति व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी अराजक तत्व को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसी निरोधात्मक और सुधारात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
