- विधायक ने महिला से माइक के माध्यम लगातार अपील के बाद , भरोसा देकर टावर से नीचे उतरवाया; हर समस्या के समाधान का दिया आश्वासन
रुद्रपुर। शहर के त्रिशूल चौक पर उस समय अचानक अफरा-तफरी मच गई, जब दिनेशपुर की बताई जा रही एक महिला अपनी जान की परवाह किए बिना लगभग 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए भरसक प्रयास शुरू किए, लेकिन महिला किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी।
इसी बीच भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के सिलसिले में हरिद्वार से सीधे रुद्रपुर पहुंचे विधायक शिव अरोरा घटना की सूचना मिलते ही सीधे घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक ने मौके की गंभीरता को देखते हुए स्वयं मोर्चा संभाला और माइक के माध्यम से टावर पर चढ़ी महिला से लगातार नीचे आने की अपील की। उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा और उनका समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
विधायक शिव अरोरा के लगातार प्रयासों, संवेदनशील संवाद और मजबूत आश्वासन के साथ सीओ वैभव सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम के बेहतर समन्वय का सकारात्मक परिणाम सामने आया। पुलिस, फायर टीम एवं एनडीआरएफ के जवानों के संयुक्त प्रयासों से महिला को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में महिला को किसी प्रकार की चोट अथवा नुकसान नहीं पहुंचा।
महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद विधायक शिव अरोरा ने उससे बातचीत की और उसकी समस्याओं को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि उसकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव मदद की जाएगी। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी महिला को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए उसे सकुशल घर वापस भेजा गया।
विधायक शिव अरोरा ने इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में सीओ वैभव सैनी के नेतृत्व में पुलिस टीम, फायर सर्विस एवं एनडीआरएफ के जवानों द्वारा दिखाए गए साहस, धैर्य और सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी टीमों के आपसी समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और महिला को सुरक्षित बचाया जा सका।

