IMG-20261009-WA0034
  • हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात में महापौर का ऐलान
  • नवरात्र पर नौ दिन बंद रहेगी मांस की बिक्री

रुद्रपुर। नवरात्र पर्व के दौरान नगर निगम क्षेत्र में मांस की बिक्री बंद रखने और सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मंदिरों के पुनर्स्थापन सहित विभिन्न मांगों को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने महापौर विकास शर्मा से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं की मांग पर महापौर ने घोषणा की कि श्रावण मास की तर्ज पर इस बार नवरात्र के नौ दिनों तक नगर निगम क्षेत्र में कच्चे और पके मांस की बिक्री बंद रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे मंदिरों को उचित स्थान पर पुनर्स्थापित कर उनका भव्य निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नवरात्र का पर्व आस्था, श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है। पर्व की पवित्रता और लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नौ दिनों तक नगर निगम क्षेत्र में कच्चे या पके मांस की बिक्री नहीं होने दी जाएगी। यदि कोई इस दौरान मांस बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि धार्मिक पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान हो और शहर में शांति, सौहार्द तथा स्वच्छता का वातावरण बना रहे।

महापौर ने कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ धार्मिक आस्था और परंपराओं का सम्मान भी जरूरी है। सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और शहर के विकास को गति देना है, लेकिन इस प्रक्रिया में जिन मंदिरों को स्थानांतरित करने की आवश्यकता पड़ रही है, उन्हें उपेक्षित नहीं छोड़ा जाएगा। ऐसे सभी मंदिरों को आसपास उपलब्ध बेहतर स्थानों पर पुनर्स्थापित कर उनका भव्य और दिव्य स्वरूप में निर्माण कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु पहले की तरह पूजा अर्चना कर सकें।

उन्होंने कहा कि नैनीताल रोड स्थित झाड़ी बाबा मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर, गुरुनानक स्कूल के सामने घंटाघर वाला मंदिर और इंडेन गैस एजेंसी के पास स्थित मंदिर सहित सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे धार्मिक स्थलों को उचित स्थान पर पुनर्स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में धार्मिक स्थलों के जीर्णाेद्धार और विकास के कार्य किए जा रहे हैं। रुद्रपुर में भी विकास कार्यों के दौरान प्रभावित होने वाले मंदिरों का बेहतर तरीके से पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों को धर्म या जाति के आधार पर देखने के बजाय शहर के समग्र विकास के दृष्टिकोण से समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान कुछ संरचनाओं और धार्मिक स्थलों का स्थान बदलने की आवश्यकता पड़ सकती है। इसका अर्थ यह नहीं है कि किसी धर्म विशेष की आस्था की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण की जद में आने वाले चार मंदिरों को पुनर्स्थापित किया जाना है और सभी के लिए आसपास बेहतर स्थान तलाश कर उनके भव्य निर्माण का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहर का विकास और धार्मिक आस्थाओं का सम्मान साथ-साथ चलना चाहिए। धार्मिक स्थलों को स्थानांतरित करने की स्थिति में यह सुनिश्चित किया जाएगा कि श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना में परेशानी न हो और मंदिरों का स्वरूप भी बेहतर बनाया जा सके। महापौर ने कहा कि मंदिरों के पुनर्स्थापन के मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय सभी को शहर के विकास और धार्मिक स्थलों के बेहतर निर्माण के प्रयासों को देखना चाहिए।

इस दौरान बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने महापौर विकास शर्मा का आभार व्यक्त किया। महापौर से मिलने वालों में विश्व हिंदू परिषद अध्यक्ष सचिन शर्मा, नगर संयोजक प्रिंस कोली, नगर उपाध्यक्ष अजय पाल,नगर मंत्री सदेहव दास गुप्ता, यश चौहान जोगिंदर चोहान सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

error: Content is protected !!