IMG-20260704-WA0036
  • रेडियोलॉजिस्ट और चार स्त्री रोग विशेषज्ञ समेत कई चिकित्सकों के स्थानांतरण का विरोध, कांग्रेस ने स्वास्थ्य सेवाएं बहाल करने और तबादले निरस्त करने की मांग उठाई

रुद्रपुर। जिला अस्पताल से रेडियोलॉजिस्ट, चार स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ समेत 10 चिकित्सकों के स्थानांतरण के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भेजकर चिकित्सकों के तबादले तत्काल निरस्त करने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि जिला अस्पताल पहले से ही विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में एक साथ कई चिकित्सकों का स्थानांतरण कर सरकार ने मरीजों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। उनका कहना है कि प्रतिदिन सैकड़ों मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव में उन्हें या तो बिना उपचार लौटना पड़ता है या निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि जिला अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में समाहित किए जाने के बावजूद स्वास्थ्य सेवाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक, रेडियोलॉजिस्ट, आर्थोपेडिक विशेषज्ञ, चार स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और बाल रोग विशेषज्ञ सहित कई डॉक्टरों का स्थानांतरण हो चुका है। वहीं एकमात्र सर्जन के इस्तीफे से ऑपरेशन थिएटर का संचालन भी प्रभावित हुआ है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि सरकार को आम जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानांतरण निरस्त कर अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई तो कांग्रेस व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

error: Content is protected !!