IMG-20260703-WA0177
  • जानलेवा हमले के मामले में पुलिस का एक्शन, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर हुई गिरफ्तारी; अन्य आरोपियों की तलाश जारी

जसपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले उपद्रवियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसपुर पुलिस ने जानलेवा हमले के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान की और गिरफ्तारी की।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को रईस अहमद निवासी नई बस्ती भट्टा कॉलोनी, जसपुर ने थाना जसपुर में तहरीर देकर बताया कि उनका भाई मोहम्मद मोहसिन अपने दोस्त मोहम्मद वली के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान धर्मकांटा के पास दो कारों में सवार आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि एक आरोपी ने मोहसिन को जान से मारने की नीयत से उस पर कार भी चढ़ा दी।

तहरीर के आधार पर थाना जसपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फैजान, मोहम्मद शोएब और फैज आलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षकों एवं पुलिस कर्मियों की टीम शामिल रही।

error: Content is protected !!