- संदिग्ध सेक्स रैकेट की जांच, देर रात कार्रवाई में कई राज्यों की युवतियां रेस्क्यू, बिना लाइसेंस बार, शराब और नकदी मिलने की भी चर्चा; फरार मैनेजर की तलाश जारी
रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर स्थित एक निजी रिजॉर्ट में शनिवार देर रात पुलिस की बड़ी कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हाई-प्रोफाइल पार्टी के दौरान छापेमारी करते हुए 52 लोगों को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर सेक्स रैकेट संचालित होने की आशंका सामने आई है। पुलिस ने नेपाल, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की करीब 10 युवतियों को रेस्क्यू किए जाने की भी जानकारी दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को कुछ घंटे पहले मुखबिर से सूचना मिली थी कि रामनगर के सांवल्दे क्षेत्र स्थित एक रिजॉर्ट में बाहरी राज्यों से आए लोगों की बड़ी पार्टी आयोजित की जा रही है, जहां संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अलर्ट हो गई और सही समय का इंतजार करने लगी।
सूत्रों के अनुसार देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच पुलिस ने रिजॉर्ट पर अचानक छापा मार दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने परिसर को चारों ओर से घेरकर वहां मौजूद लोगों की जांच शुरू की और कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को कई ऐसे तथ्य मिले हैं, जिनके आधार पर कथित सेक्स रैकेट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस को रिजॉर्ट परिसर में कथित रूप से बिना लाइसेंस संचालित बार की भी जानकारी मिली है। मौके से शराब, नकदी और अन्य सामग्री मिलने की बात सामने आई है। बरामद सामान का विवरण तैयार किया जा रहा है तथा सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई के बाद से रिजॉर्ट का मैनेजर फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। साथ ही रिजॉर्ट के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। वहीं एसएसपी स्तर पर भी पूरे प्रकरण की निगरानी की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से साझा की जाएगी।
नोट: पुलिस जांच जारी है। सभी आरोप प्रारंभिक जांच और पुलिस कार्रवाई पर आधारित हैं। अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
