- 24 और 25 नवंबर को चलेगा ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’, नशा तस्करों की अवैध संपत्ति होगी चिन्हित, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई पर रहेगा विशेष फोकस
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिला पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जनपद में 24 और 25 नवंबर 2026 को दो दिवसीय विशेष अभियान ‘स्पेशल एक्शन ड्राइव–ऑपरेशन ट्रैक-7’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नशा तस्करों, आदतन अपराधियों और संगठित आपराधिक गिरोहों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जनपद में 12 पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
अभियान के तहत मंगलवार को एसएसपी अजय गणपति ने कोतवाली सितारगंज पहुंचकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पूर्व में नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे अभियुक्तों का शत-प्रतिशत सत्यापन किया जाए। वर्तमान में अपराधों में सक्रिय पाए जाने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नशा तस्करों की संपत्ति पर पुलिस की नजर
एसएसपी ने निर्देश दिए कि नशा तस्करी के जरिए अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित कर आवश्यक साक्ष्य और अभिलेख जुटाए जाएं। नियमानुसार ऐसी संपत्तियों के जब्तीकरण और अधिग्रहण की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आर्थिक नेटवर्क, संदिग्ध बैंक खातों और धनराशि की भी जांच की जाएगी।
गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी कार्रवाई
अभियान के दौरान समाज में भय और अशांति फैलाने वाले आदतन अपराधियों के खिलाफ गुंडा अधिनियम तथा संगठित गिरोह बनाकर नशा तस्करी करने वालों के खिलाफ गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। लगातार नशा तस्करी में संलिप्त गंभीर अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS एक्ट के तहत भी आवश्यक प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे।
फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और NBW पर विशेष फोकस
एनडीपीएस समेत अन्य गंभीर मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाएगी। इसके अलावा जनपद में लंबित गैर-जमानती वारंट (NBW) का निष्पादन भी प्राथमिकता से किया जाएगा। अन्य जनपदों और राज्यों की पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय स्थापित कर फरार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
होटल, हॉस्टल और सार्वजनिक स्थानों पर होगी चेकिंग
पुलिस द्वारा नशा तस्करी के हॉटस्पॉट के साथ होटल, हॉस्टल और संदिग्ध ठिकानों पर चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ट्रेन, बॉर्डर और चेकपोस्ट पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही नशा तस्करी के नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
1933 हेल्पलाइन की शिकायतों का होगा सत्यापन
अभियान के तहत 1933 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का सत्यापन किया जाएगा। नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जांच होगी। युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को पुनर्वास के लिए प्रेरित किया जाएगा।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार बनाए गए नोडल अधिकारी
इस दो दिवसीय अभियान के लिए पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर प्रमोद कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके द्वारा अभियान के तहत होने वाली कार्रवाई की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग की जाएगी। पुलिस द्वारा गिरफ्तारियों, बरामद मादक पदार्थों, अपडेट किए गए डोजियर, हिस्ट्रीशीट, लंबित NBW, गैंगस्टर और PIT NDPS के तहत कार्रवाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने तथा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

