IMG-20261013-WA0045
  • प्रभावित किसानों को प्रति किसान 50 हजार रुपये देने की उठाई मांग, ठुकराल ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रुद्रपुर। ओलावृष्टि से बर्बाद हुई किसानों की फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जिलाधिकारी कार्यालय में शहीद ऊधम सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों को प्रति किसान 50 हजार रुपये का मुआवजा देने की मांग उठाई। ठुकराल ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से नुकसान झेल रहे किसानों को राहत देना सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

राजकुमार ठुकराल ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है और उसी से उसके परिवार की आजीविका चलती है। ऐसे में ओलावृष्टि से फसल बर्बाद होने पर किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो जाता है। खेती में लगाई गई लागत निकालना भी मुश्किल हो जाता है और परिवार के खर्चों के साथ अगली फसल की तैयारी की चिंता भी बढ़ जाती है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराया जाए और किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। ठुकराल ने कहा कि नुकसान झेल रहे किसानों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि उन्हें इस मुश्किल समय में राहत मिल सके।

ठुकराल ने चेतावनी दी कि किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रभावित किसानों को राहत दिलाने के लिए उनकी आवाज लगातार उठाई जाती रहेगी।

error: Content is protected !!