- तीन साल से लंबित मंडी सेस के मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू
- मंडी शुल्क दो प्रतिशत ही लेने का भी आश्वासन
रुद्रपुर। लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान नहीं होने के कारण धान खरीद से दूरी बनाए हुए राइस मिलर्स की नाराजगी दूर करने की दिशा में महापौर विकास शर्मा की पहल पर महत्वपूर्ण सहमति बनी है। मंडी निदेशालय में मंगलवार को मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू और राइस मिलर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों के बीच हुई वार्ता में मिलर्स की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडी अध्यक्ष ने तीन वर्षों से लंबित मंडी सेस से जुड़े मामले को दो दिन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाकर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही यह भी आश्वस्त किया कि कृषि मंडी की ओर से मंडी शुल्क दो प्रतिशत ही लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद राइस मिलर्स एसोसिएशन ने धान खरीद की प्रक्रिया में शामिल होने का निर्णय लेते हुए बुधवार से ही पंजीकरण शुरू करने की बात कही।
राइस मिलर्स अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे थे। इस संबंध में एसोसिएशन की ओर से ज्ञापन भी दिए गए थे, लेकिन समस्याओं का समाधान नहीं होने से मिलर्स में नाराजगी बनी हुई थी। इसका असर जिले में धान खरीद की प्रक्रिया पर भी पड़ रहा था। धान खरीद प्रभावित होने से किसानों के सामने भी अपनी उपज बेचने को लेकर परेशानी खड़ी होने की आशंका थी।
किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए महापौर विकास शर्मा ने राइस मिलर्स की समस्याओं के समाधान के लिए पहल की। इसी क्रम में मंगलवार को मंडी निदेशालय में मंडी परिषद अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू की मौजूदगी में एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ वार्ता आयोजित की गई। बैठक में मिलर्स ने अपनी समस्याओं को बिंदुवार रखते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई।
बैठक में तीन वर्षों से लंबित 0.5 प्रतिशत मंडी सेस से जुड़े मामले पर विशेष रूप से चर्चा हुई। मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने मिलर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि वह दो दिन के भीतर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इन मुद्दों को उनके समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि मंडी सेस से संबंधित लंबित मामले को पूर्ण रूप से सुलझाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने मंडी शुल्क दो प्रतिशत ही लिये जाने का आश्वासन भी दिया। मिलर्स की अन्य समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया गया। मंडी अध्यक्ष के आश्वासन के बाद राइस मिलर्स एसोसिएशन ने धान खरीद की प्रक्रिया में सहयोग करने की घोषणा की।
मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू ने कहा कि राइस मिलर्स की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। तीन वर्षों से लंबित मंडी सेस के मामले के समाधान के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर प्रभावी पैरवी की जाएगी। मिलर्स की अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि किसानों के साथ साथ राइस मिलर्स के हित भी जरूरी है। धान खरीद व्यवस्था में किसी तरह की बाधा आने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राइस मिलर्स की समस्याओं के समाधान के लिए पहल की गई। उम्मीद है कि आपसी संवाद और सकारात्मक प्रयासों से लंबित समस्याओं का समाधान होगा तथा धान खरीद की प्रक्रिया सुचारु रूप से आगे बढ़ेगी।
राइस मिलर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान गर्ग और महामंत्री गगन गर्ग ने कहा कि मिलर्स लंबे समय से अपनी जायज मांगों के समाधान की प्रतीक्षा कर रहे थे। बैठक में मंडी अध्यक्ष ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निस्तारण का भरोसा दिलाया है। इसी विश्वास के आधार पर एसोसिएशन ने धान खरीद के लिए पंजीकरण शुरू करने का निर्णय लिया है।
