C91F015F-9966-4281-8E4E-334092D8C6FE
  • तेज रफ्तार डंपर ने बस में मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद ढाबे में जा घुसा वाहन

हरिद्वार। हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में शांतिकुंज के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति में आ रहे एक डंपर ने यात्री बस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई और राजस्थान के नागौर जिले की निवासी एक महिला यात्री की मौत हो गई। हादसे में 31 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 24 महिलाएं, पांच युवक और दो बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो के अनुसार, सड़क किनारे एक यात्री बस को बैक किया जा रहा था, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बस में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। बस पलटने के बाद डंपर चालक भी वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डंपर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो गाड़ी भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय ढाबे के भीतर कोई मौजूद नहीं था।

बस में कुल 45 यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही आपदा परिचालन केंद्र और शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने वहां एक महिला को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है।

इस संबंध में एसडीएम योगेश मेहरा का कहना है कि आपदा परिचालन केंद्र से सप्तऋषि क्षेत्र में बस पलटने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। उन्होंने बताया कि बस में 45 यात्री सवार थे जिनमें से 31 लोग घायल हुए हैं और एक महिला की मृत्यु हुई है। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है और वाहन को कब्जे में लेकर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज को भी साक्ष्य के तौर पर जांच का हिस्सा बनाया गया है।

error: Content is protected !!