- तीन अलग-अलग मामलों में निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
रुद्रपुर। रम्पुरा और आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी के कुछ पुलिसकर्मियों पर मारपीट और बर्बरता के गंभीर आरोप लगाते हुए पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्यालय पहुंचकर एसपी सिटी प्रमोद कुमार का घेराव किया और तीन अलग-अलग मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक ठुकराल ने आरोप लगाया कि रम्पुरा निवासी देवकी प्रसाद को पुलिस हिरासत में बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनकी आंत फट गई और उपचार के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमार्टम और पंचनामा कराए बिना ही परिजन शव घर ले आए थे। ठुकराल के अनुसार, उन्होंने परिजनों को समझाकर अंतिम संस्कार कराया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पीड़ित परिवार को न्याय कैसे मिलेगा और पुलिस की कथित बर्बरता पर अंकुश कौन लगाएगा।
अंकित श्रीवास्तव से मारपीट का भी लगाया आरोप
ठुकराल ने दूसरे मामले में रम्पुरा निवासी अंकित श्रीवास्तव के साथ कथित मारपीट का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शराब के ठेके पर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि घटनाक्रम से संबंध नहीं होने के बावजूद अंकित को पुलिस उठाकर ले गई और उसके साथ मारपीट की गई। ठुकराल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
बच्ची के मामले में गवाह को पीटने का आरोप
तीसरे मामले में भूरारानी की बच्ची सिंह कॉलोनी स्थित चर्च वाली गली में कार के नीचे मिली बच्ची के प्रकरण का जिक्र किया गया। ठुकराल ने आरोप लगाया कि मामले में गवाह बनाए गए रुक्मण के पति और टुकटुक चालक परशुराम को पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया था। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसके घर पहुंचकर मोहल्ले में ही उसके साथ मारपीट की और आदर्श कॉलोनी चौकी ले जाकर भी पीटा, जिससे उसके होंठ फट गए।
कार्रवाई नहीं हुई तो एसएसपी कार्यालय में देंगे धरना
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि पुलिस की ऐसी कथित कार्यप्रणाली से आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तीनों मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो वह एसएसपी कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
प्रदर्शन में सुनील चुघ, दिनेश कोली, केशव कोली, राम सेवक कोली, केरू मंडल, राजेश्वर श्रीवास्तव, पूजा रानी, शीतल, आशा रानी, राजो देवी, शकुंतला, संतोष रानी, सुखदेवी, कमला देवी, शोभा रानी, मीना रानी, कटोरी देवी, लक्ष्मी देवी, संजना देवी और गोमती देवी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

