file_0000000026788208a581487d5c60a73a
  • गवाही के लिए चौकी बुलाकर दो पुलिसकर्मियों पर मारपीट करने का आरोप, पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर। सिंह कॉलोनी में सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची की उपचार के दौरान मौत के मामले में अब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में गवाह बनाए गए परशुराम ने आदर्श कॉलोनी चौकी के दो पुलिसकर्मियों पर जबरन चौकी बुलाकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को पीड़ित ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ अपनी आपबीती सुनाते हुए आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

गौरतलब है कि बीती 17 अक्टूबर को सिंह कॉलोनी स्थित चर्च के पास एक कार के पहिए के नजदीक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। दर्पण न्यूज की खबर वायरल होने के बाद कई परिवारों ने बच्ची को गोद लेने की इच्छा भी जताई थी, लेकिन उपचार के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया था।

इस मामले में पुलिस ने आसपास रहने वाले एक डॉक्टर, चर्च के पादरी और डॉक्टर के यहां काम करने वाली महिला के पति परशुराम को गवाह बनाया था। परशुराम के अनुसार, पुलिस ने डॉक्टर और पादरी के बयान उनके आवास पर जाकर दर्ज किए, जबकि उसे गवाही के लिए चौकी बुलाया गया था।

उसका कहना है कि दीपावली और छठ पूजा के चलते वह परिवार के साथ बाहर गया हुआ था। वापस लौटने के बाद जब उसने पुलिस से संपर्क किया तो उसे आदर्श कॉलोनी चौकी आने के लिए कहा गया। आरोप है कि चौकी पहुंचने पर दो पुलिसकर्मियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की।

मंगलवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ पहुंचकर परशुराम ने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान ठुकराल ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। यदि पुलिसकर्मियों पर लगाए गए मारपीट के आरोप सही पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले से पुलिस के उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी।

error: Content is protected !!