- एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस और SOG की कार्रवाई, गाजियाबाद से पकड़ा गया आरोपी; वारदात में इस्तेमाल बलेनो कार और नकदी बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले में एक ही रात में शराब की कई दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलभट्टा पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने गैंग के मुख्य सरगना खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी बलेनो कार और करीब चार हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 की रात जिले के सितारगंज, पुलभट्टा, किच्छा, ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर थाना क्षेत्रों में स्थित शराब की दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया था। मामले में पुलभट्टा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले गए, जिसमें सभी वारदातों में एक ही गैंग और बलेनो कार का इस्तेमाल होने की बात सामने आई। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि इसी गैंग ने हल्द्वानी में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तस्वीरें उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भेजी गईं। जांच में गैंग के तार गाजियाबाद से जुड़े मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने गाजियाबाद पहुंचकर मुख्य आरोपी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई आस मोहम्मद उर्फ आंसू और उसके साथी कार्तिक शर्मा व अतुल त्यागी के भी चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनका विवरण जुटाया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी खुश मोहम्मद उर्फ खुशी ग्राम भोजपुर, थाना भोजपुर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। इस कार्रवाई को उप निरीक्षक ओमप्रकाश नेगी के नेतृत्व में पुलभट्टा पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया।

