- शादी का झांसा देकर शोषण और अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने का भी आरोप; दूसरा वांछित आरोपी बरेली से गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में महिला अपराधों के विरुद्ध एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सितारगंज पुलिस ने महिला अपराध से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक मामले में 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद किया गया, जबकि दूसरे मामले में वांछित आरोपी को बरेली से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पहला मामला 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म से जुड़ा है। 24 अक्टूबर 2026 को किशोरी के पिता ने उसके घर से बिना बताए चले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम को रुद्रपुर के फुलसुंगी, तीन पानी डैम क्षेत्र में एक युवक के मौजूद होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने रवि कश्यप उर्फ गोलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर किशोरी को रुद्रपुर में किराये के कमरे से सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम समेत संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। पुलिस ने आरोपी को 19 नवंबर की रात गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, दूसरा मामला शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने से संबंधित है। पीड़िता ने आरोपी पर जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए थे। इस मामले में वांछित चल रहे सचिन द्विवेदी उर्फ सचिदानन्द की तलाश में पुलिस जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 19 नवंबर को उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित रोहिलखण्ड अस्पताल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुन्दरम शर्मा, उपनिरीक्षक बबीता टम्टा, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

