- एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों का लिया जायजा, ओवरस्पीडिंग और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
रुद्रपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने जिले के प्रमुख दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) एवं संवेदनशील मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने एमेनिटी स्कूल चौराहा, मुमताज दरबार के पास, बगवाड़ा मंडी गेट, गाबा चौक, राधा स्वामी सत्संग गेट, आदित्य चौक, नगला बाईपास, गोल गेट नगला, संजय वन, लालपुर और तुलसी द्वार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मार्गों की स्थिति, सड़क की बनावट, यातायात के दबाव और दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित ब्लैक स्पॉट्स और दुर्घटना संभावित स्थलों का गहन निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्थानों पर सड़क संकेतक, रिफ्लेक्टर, रंबल स्ट्रिप्स और उचित प्रकाश व्यवस्था कराने को कहा। सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
उन्होंने ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण और सुधारात्मक कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा की जा सके।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अनुषा बड़ोला सहित संबंधित क्षेत्राधिकारी, यातायात निरीक्षक, रुद्रपुर एवं किच्छा के प्रभारी निरीक्षक, पंतनगर थानाध्यक्ष तथा एनएचएआई और परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।

