- हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही बस गूलर के पास पुल से नीचे गदेरे में गिरी, 32 यात्री थे सवार
- एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, 18 घायल एम्स और 7 राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती
- सीएम धामी ने जताया गहरा दुख, अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार और प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता के निर्देश
ऋषिकेश। उत्तराखंड में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने आठ लोगों की जान ले ली, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत गूलर के पास हरिद्वार से बदरीनाथ जा रही यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 32 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई घंटों तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू अभियान के बाद सभी यात्रियों को बाहर निकालने की कार्रवाई पूरी की गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे विश्वनाथ सेवा की बस संख्या UK09PA9779 हरिद्वार से जोशीमठ-बदरीनाथ की ओर जा रही थी। बस जब मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के गूलर के पास पहुंची, तभी चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद बस पुल से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचीं रेस्क्यू टीमें
हादसे की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस के साथ गूलर, शिवपुरी और ब्यासी चौकियों का पुलिस बल तत्काल घटनास्थल पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ, फायर सर्विस और एंबुलेंस को भी मौके पर बुलाया गया। एसडीआरएफ की टीमों ने खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और फायर सर्विस के जवानों ने भी रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया।
दुर्गम भूभाग और करीब 100 मीटर की गहराई के चलते घायलों को सड़क तक पहुंचाने में रेस्क्यू टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। अभियान की निगरानी के लिए क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर और मुनिकीरेती थाना प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे।
आठ की मौत, 25 घायल; एम्स और ऋषिकेश अस्पताल में भर्ती
टिहरी के अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी के अनुसार, हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 18 को एम्स ऋषिकेश और सात को राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने घायलों के उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसडीआरएफ की ओर से शुरुआती चरण में छह मौत और करीब 20 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई थी। रेस्क्यू के दौरान सामने आए नए तथ्यों के बाद मृतकों और घायलों की संख्या बढ़कर आठ और 25 हो गई। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान पूरा होने की जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया गहरा दुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर समेत प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में यात्रियों के हताहत होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए संबंधित अधिकारियों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और प्रभावितों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के गूलर, रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ क्षेत्र और टिहरी जनपद की दोगी पट्टी के बांसकाटल में हुई सड़क दुर्घटनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन दुर्घटनाओं में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना है और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए।
हादसे के कारणों की जांच का इंतजार
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बस अनियंत्रित कैसे हुई और दुर्घटना के पीछे तकनीकी खराबी, सड़क की स्थिति या कोई अन्य वजह रही, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी मार्गों पर यातायात सुरक्षा और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अब तक सामने आए 13 घायलों के नाम
प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई गई सूची में निम्न घायलों के नाम सामने आए हैं—
1. मोहम्मद वहाब अंसारी (22), निवासी छैलापाता, जिला दुमका, झारखंड।
2. राहुल कुमार (24), निवासी ट्रकुल अपार्टमेंट, पटना, बिहार।
3. अभिषेक (28), निवासी मोहम्मद नथा, जसपुर, ऊधमसिंह नगर।
4. प्रत्यूष (23), निवासी बुढ़ाकेशी, खटीमा, ऊधमसिंह नगर।
5. अर्जुन सौरन (34), निवासी सीलीबुना, जिला दुमका, झारखंड।
6. बुधन मुर्मू (50), निवासी ढोडिया, जिला दुमका, झारखंड।
7. आयरा (3), निवासी गुवाहाटी, असम।
8. नूर जहां (26), निवासी गुवाहाटी, असम।
9. राजकुमार (32), निवासी उपर मजियारा, जिला दुमका, झारखंड।
10. जतिन (21), निवासी डीडीए क्वार्टर, शाहदरा, दिल्ली।
11. पंकज नेगी (31), निवासी धौलतीर, रुद्रप्रयाग।
12. संतोष कुमार (38), निवासी जहानाबाद, बिहार।
13. वीरेंद्र सिंह (58), निवासी हैरन, कर्णप्रयाग, चमोली।
नोट: घायलों की यह उपलब्ध सूची है। सभी 25 घायलों का विस्तृत विवरण अभी सामने आना बाकी है

