IMG-20261016-WA0033
  • ऑपरेशन प्रहार के तहत एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई, ₹1,560 नकद और तस्करी में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद

सितारगंज। ऊधमसिंहनगर जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सितारगंज कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 15.24 ग्राम स्मैक (पन्नी सहित वजन) बरामद की है। इसके अलावा ₹1,560 नकद और स्मैक रखने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद हुई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई की जा रही है।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने पकड़े दोनों आरोपी

पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को सितारगंज कोतवाली की टीम शांति व्यवस्था, शाम की चेकिंग और अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान शक्तिफार्म स्थित वनशक्ति मंदिर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मुख्य सड़क से करीब 10 मीटर अंदर कुछ लोगों की भीड़ दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर कुछ लोग जंगल की ओर भागने लगे, जबकि दो व्यक्ति मंदिर की ओर भागे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिली 15.24 ग्राम स्मैक

पुलिस की तलाशी में आरोपी रमेश उर्फ पिच्चू के कब्जे से 12.83 ग्राम स्मैक (पन्नी सहित), जिसका शुद्ध वजन 11.76 ग्राम था, बरामद हुई। वहीं, दूसरे आरोपी गोकुल विश्वास के कब्जे से 3.23 ग्राम स्मैक (पन्नी सहित), जिसका शुद्ध वजन 2.41 ग्राम था, मिली।

दोनों आरोपियों के पास से कुल ₹1,560 नकद, एल्युमिनियम फाइल पेपर के आठ टुकड़े, सफेद कागज के टुकड़े और पारदर्शी पन्नियां भी बरामद की गईं।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश उर्फ पिच्चू (30 वर्ष), निवासी ग्राम पिपलिया, शक्तिफार्म और गोकुल विश्वास (33 वर्ष), निवासी रतनफार्म नंबर-1, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ सितारगंज कोतवाली में मुकदमा संख्या 0531/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों और अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक जगदीश चन्द्र तिवारी, हेड कांस्टेबल मतलूब खान, नवनीत कुमार, कांस्टेबल जगदीश कोठियाल, प्रेम सिंह और महिला कांस्टेबल ज्योति शर्मा शामिल रहीं।

error: Content is protected !!