रुद्रपुर। इंद्रा कॉलोनी में विगत कई दशकों से श्री शिव नाटक क्लब की ओर से आयोजित की जा रही प्रभु श्रीराम की रामलीला का विधिवत शुभारंभ हो गया। रामलीला के प्रथम दिन मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने फीता काटकर रामलीला मंचन का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजन समिति एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने विधायक का स्वागत किया।
विधायक शिव अरोरा ने प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद भगवान गणेश की आराधना कर रामलीला के सफल आयोजन की कामना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना करते हुए कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, परंपरा और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में सांस्कृतिक चेतना मजबूत होती है और युवा पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। विधायक ने श्री शिव नाटक क्लब के पदाधिकारियों एवं सभी कलाकारों को रामलीला के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
रामलीला के प्रथम दिन मंच पर ‘नारद मोह’ प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों के शानदार अभिनय और प्रभावी संवाद प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विधायक शिव अरोरा भी दर्शकों के बीच बैठकर रामलीला का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंचे।
रामलीला मंचन के दौरान ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मनोज मदान, डम्पी चोपड़ा, सुमित छाबड़ा, विकास कुकरेजा, वासु गुम्बर, श्री शिव नाटक क्लब के अध्यक्ष जगदीश सुखीजा, महामंत्री राजकुमार भुसरी, कोषाध्यक्ष बब्बू घई, जोली कक्कड़, डायरेक्टर नरेश घई, जीतू गुलाटी, सन्नी घई, सन्नी कक्कड़, रवि कक्कड़, राजीव झाम, विजय पारुती, प्रदीप कालड़ा, इंदजीत सिंह, मदन लाल, हरबंस सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे।
