- रुद्रपुर पुलिस लाइन में सम्मेलन आयोजित, जवानों की समस्याएं सुनीं और कर्तव्यनिष्ठा के साथ सेवा करने का किया आह्वान
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शनिवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में प्रशिक्षु आरक्षियों का विशेष सम्मेलन लेकर उन्हें अनुशासन, ईमानदारी और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अनुशासन ही पुलिस विभाग की सबसे बड़ी पहचान है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को ऑन-ड्यूटी के साथ-साथ ऑफ-ड्यूटी भी अपने आचरण को अनुशासित रखना चाहिए।

सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने प्रशिक्षु आरक्षियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल का भविष्य युवा आरक्षियों के हाथों में है, इसलिए प्रत्येक पीड़ित की बात को सहानुभूति और संवेदनशीलता के साथ सुनना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
एसएसपी अजय गणपति ने सम्मेलन में मौजूद प्रशिक्षु आरक्षियों से उनके रहन-सहन, खान-पान, बैरक की व्यवस्थाओं तथा निजी एवं पारिवारिक समस्याओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जब पुलिसकर्मी पारिवारिक चिंताओं से मुक्त रहेगा, तभी वह पूरी क्षमता के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकेगा।
उन्होंने सभी जवानों को हमेशा साफ-सुथरी वर्दी पहनने, समय की पाबंदी रखने और ड्यूटी के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन डी.आर. वर्मा, प्रतिसार निरीक्षक गजेन्द्र परवाल, प्रतिसार निरीक्षक आरटीसी पुष्कर सिंह लसपाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
