- SSP अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सितारगंज-बरा-किच्छा क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा
सितारगंज। जनपद ऊधम सिंह नगर में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली सितारगंज पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 7 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, सितारगंज क्षेत्र में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए 6 अक्टूबर 2026 को सूरखी नदी पुल की ओर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित ढाली (36 वर्ष), निवासी निर्मलनगर, शक्तिफार्म तथा इन्द्रजीत बढ़ई (25 वर्ष), निवासी ग्राम राजनगर, शक्तिफार्म के रूप में हुई है।
तीन वाहन चोरी की घटनाओं का हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सितारगंज के सक्सेना नर्सिंग होम, यूको बैंक शाखा तथा श्रीराम इलेक्ट्रॉनिक्स के पास से चोरी हुई तीन मोटरसाइकिलों का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर इन मामलों से संबंधित तीन बाइक बरामद की गईं।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने सितारगंज, बरा और किच्छा क्षेत्र में सड़क किनारे, अस्पतालों और अन्य स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी कर उन्हें चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में नंबर प्लेट आदि हटाकर कम कीमत पर बेचने की योजना बनाई जाती थी।
झाड़ियों से मिलीं 6 चोरी की बाइक
आरोपियों की निशानदेही पर वन शक्ति मंदिर के पास सुनसान स्थान पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई छह अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने चेचिस नंबर और ई-चालान एप के माध्यम से वाहनों का सत्यापन किया। इनमें दो मोटरसाइकिलें सितारगंज कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित पाई गईं, जबकि शेष चार मोटरसाइकिलों के संबंध में संबंधित थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।
आरोपियों पर पहले से भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी रोहित ढाली के खिलाफ पूर्व में NDPS एक्ट का एक अभियोग दर्ज है। वहीं इन्द्रजीत बढ़ई के खिलाफ NDPS एक्ट और वाहन चोरी के दो पूर्व अभियोग दर्ज बताए गए हैं।
बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2)/317(2) BNS के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही उनसे अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ जारी है।
बरामद मोटरसाइकिलें
पुलिस ने कुल सात मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें छह हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल शामिल है। इनमें UK06AH2843, UK06AQ2307 और UP26X4051 नंबर की मोटरसाइकिलें क्रमशः सितारगंज में दर्ज FIR संख्या 487/2026, 489/2026 और 488/2026 से संबंधित पाई गई हैं।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक जगदीश चन्द्र तिवारी, जगत शाही और प्रेम सिंह, हेड कांस्टेबल नवनीत कुमार, कुन्दन सिंह, जगदीश कोठियाल, मनोज ग्वाल तथा कांस्टेबल कृष्ण चंद्र शामिल रहे।
