- करीब ₹20 लाख की लागत से बनेगी सीसी सड़क, तीन वार्डों के हजारों लोगों को मिलेगा लाभ; बरातघर विस्तार का भी दिया भरोसा
रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से राहत मिलने जा रही है। कटोरी मंदिर से चंद्रपाल किराना तक जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर गुरुवार सुबह सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा ने स्वयं मौके पर पहुंचकर कराया। यह सड़क पिछले दो वर्षों से बेहद खराब स्थिति में थी, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

यह मार्ग रम्पुरा के तीन वार्डों से होकर गुजरता है और प्रतिदिन हजारों लोग इसका उपयोग करते हैं। स्थानीय लोगों की लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग थी। निर्माण कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने विधायक का फूल-मालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जनसेवा के संकल्प के साथ रुद्रपुर विधानसभा में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रम्पुरा उनका परिवार है और इस सड़क के निर्माण का वादा उन्होंने पहले ही किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लगभग 20 लाख रुपये की विधायक निधि से इस सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। सड़क का निर्माण बेहतर गुणवत्ता के साथ किया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।
विधायक ने यह भी जानकारी दी कि रम्पुरा के बरातघर के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल हो चुका है और शासन को भेजा जा चुका है। स्वीकृति मिलने के बाद इसका निर्माण कार्य भी शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के जरूरतमंद परिवारों को सामाजिक एवं वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर वार्ड 21 के पार्षद गिरीश पाल, वार्ड 22 के पार्षद पति चंद्रसेन चंदा, वार्ड 23 के पार्षद पति राजू कोली, नामित पार्षद राजकुमार कोली, पूर्व मंडल अध्यक्ष धर्म सिंह कोली, डॉ. महेश कोली, सौरभ गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
