- पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने एसआईआर प्रक्रिया निरस्त करने की उठाई मांग, 8 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित विरोध मार्च में जुटने का आह्वान
रुद्रपुर। ग्राम महतोष में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला दहन किया। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, ब्लॉक अध्यक्ष अशोक राय, नासिर अली और पवन बिष्ट के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलाया जाना चाहिए। साथ ही पिछले कुछ वर्षों में जिन राज्यों में चुनाव हुए हैं, उन्हें रद्द कर लोकतांत्रिक तरीके से दोबारा चुनाव कराने की मांग की।
ठुकराल ने कहा कि उनके अनुसार मौजूदा विवाद आजाद भारत का सबसे बड़ा स्कैंडल है और इसका देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग करते हुए आरोप लगाया कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त केंद्र सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं।
पूर्व विधायक ने दावा किया कि पिछले दस महीनों में दोनों चुनाव आयुक्तों डॉ. सुखबीर संधू और विवेक जोशी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के कथित मनमाने निर्णयों पर 14 बार आपत्ति दर्ज कराई, इसके बावजूद निर्णय लिए जाते रहे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की कार्यप्रणाली को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
ठुकराल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। कांग्रेस कार्यकर्ता इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच अपनी बात रख रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 8 अक्टूबर को रुद्रपुर जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित विशाल विरोध मार्च में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के दौरान सचिन सागर, जुबेर, जावेद, तुषार, फकीर अहमद, असीम बाला, ललित बिष्ट, ओमपाल, अरविंद कुमार, भूषण बाला, सन्नी वासन, रवि कुमार, अनुराग बत्रा, दीपक कुमार आर्या, नासिर अंसारी, गोपी कुमार, अतुल कविराज, हरिपद व्यापारी, मुकेश बाला, गौरव बाला, आशीष बाला, संजय वर्मा, अभय, विजय विश्वास, निस्तयानंद, जाने आलम, रोहित घीक, जफर अली, रिजवान, गुलशन, बलकार सिंह, विद्युत सरकार, आबिद हुसैन, मुनव्वर, मुराद अली, पलविंदर घायलीवाल, शेर मोहम्मद, अनवर अली और नासिर अली समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
