IMG-20261127-WA0007
  • उधम सिंह नगर में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण को लेकर तय की प्राथमिकताएं, CCTV की 24 घंटे निगरानी और फरियादियों की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा देर रात पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक्शन मोड में नजर आए। 26 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे पुलिस लाइन स्थित मीटिंग हॉल में उन्होंने जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध नियंत्रण और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में एसएसपी ने जनपद में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने और पहले से लगे कैमरों की 24 घंटे प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी व्यवस्था का उपयोग अपराधों की रोकथाम और अपराधियों की पहचान के लिए प्रभावी ढंग से किया जाए।

एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में पुलिस की भौतिक मौजूदगी बढ़ाने और पुलिस प्रेजेंस को प्रभावी ढंग से दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम होना चाहिए और अपराधियों में कानून का भय बना रहना चाहिए।

उन्होंने संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही थानों और चौकियों में आने वाले पीड़ितों एवं फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

महिला एवं बाल अपराधों को प्राथमिकता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने, गुमशुदा व्यक्तियों की शीघ्र तलाश और बरामदगी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी धारण करने तथा विभागीय अनुशासन और गरिमा बनाए रखने की हिदायत दी गई।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट किया कि जनपद में बेहतर पुलिसिंग, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।

error: Content is protected !!