- भाजपा नेत्री ने दी वॉइस सैंपलिंग की चुनौती, बोलीं—साहस है तो जांच के लिए आगे आएं; महिलाओं के सम्मान की लड़ाई जारी रहेगी
रुद्रपुर। भाजपा नेत्री एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल पर ऑडियो प्रकरण की जांच से बचने के लिए झूठे और मनगढ़ंत आरोप लगाने का आरोप लगाया है। उन्होंने ठुकराल को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनमें जरा भी नैतिकता और साहस है तो वह वॉइस सैंपलिंग के लिए आगे आएं, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।
मीना शर्मा गुरुवार को ट्रांजिट कैंप की नारायण कॉलोनी में आयोजित एक चौपाल को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने पूर्व विधायक ठुकराल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह महिलाओं के प्रति लगातार अमर्यादित टिप्पणियां करते रहे हैं और महिलाओं के चरित्र को लेकर गलत शब्दों का इस्तेमाल करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही कारण रहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उनका टिकट काट दिया था।
मीना शर्मा ने कहा कि आज की महिलाएं जागरूक और अपने सम्मान के प्रति सजग हैं। वे अपने अपमान के खिलाफ आवाज उठाना जानती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ठुकराल ने केवल एक महिला का नहीं, बल्कि पूरे महिला समाज का अपमान किया है। इसलिए वह महिलाओं के सम्मान की इस लड़ाई को पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगी। जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वह चुप नहीं बैठेंगी।
उन्होंने कहा कि सत्य को प्रताड़ित किया जा सकता है, लेकिन पराजित नहीं किया जा सकता। चौपाल के बाद मीना शर्मा ने घर-घर जाकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ पत्रक भी वितरित किए और महिलाओं से इस मुद्दे पर एकजुट होने की अपील की।
इस अवसर पर बबिता मौर्य, गंगा देवी, सुमन, कविता, सुनीता, पूनम गुप्ता, प्रियंका वर्मा, सुमन गंगवार, मिथलेश, मुन्नी, कमलेश, प्रमिला, प्रेमवती, आदेश, सुमित्रा, कांति कटियार, ममता, देवकी सहित नगर निगम पार्षद एमपी मौर्य, भाजपा नेता रामाधारी गंगवार, प्रेमपाल गंगवार, दिनेश मौर्य, विष्णु, अनिल शर्मा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

