IMG_20261013_200755
  • भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कांग्रेस पर साधा निशाना

रुद्रपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एवं उत्तराखंड के वीर सपूत अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि अजीत डोभाल पर की गई अमर्यादित टिप्पणी केवल एक व्यक्ति पर राजनीतिक हमला नहीं, बल्कि उत्तराखंड के गौरव, स्वाभिमान और जनभावनाओं को आहत करने वाला कृत्य है। अजीत डोभाल ने अपना पूरा जीवन देश की सुरक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित किया है। ऐसे व्यक्तित्व के प्रति राजनीतिक विरोध के नाम पर अनुचित भाषा का इस्तेमाल करना कांग्रेस की राजनीतिक मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

राजेश शुक्ला ने कहा कि अजीत डोभाल की पहचान किसी राजनीतिक पद से नहीं, बल्कि उनकी दशकों की राष्ट्रसेवा और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान से बनी है। उत्तराखंड की धरती ने ऐसे अनेक वीर सपूत दिए हैं, जिन्होंने राष्ट्र की रक्षा और सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। अजीत डोभाल भी उन्हीं में से एक हैं। उनका जीवन प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे में उनके प्रति की गई टिप्पणी को उत्तराखंड की जनता केवल राजनीतिक बयान मानकर नजरअंदाज नहीं करेगी।

उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि आखिर अजीत डोभाल को लेकर कांग्रेस को इतनी राजनीतिक बेचैनी क्यों है? राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल उठाना लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन देश की सुरक्षा व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले लोगों के सम्मान की एक मर्यादा होनी चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष से मांगा स्पष्टीकरण

राजेश शुक्ला ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से भी इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी क्या कांग्रेस का आधिकारिक पक्ष है? यदि पार्टी नेतृत्व इस बयान से सहमत है तो उसे स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह उत्तराखंड के गौरव और देश की राष्ट्रीय सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले व्यक्तित्वों के प्रति ऐसी भाषा का समर्थन करता है। कांग्रेस को इस विषय पर अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि प्रदेश की जनता को भी उसके विचारों की जानकारी मिल सके।
जनरल बिपिन रावत के प्रकरण का भी किया उल्लेख
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने अपने संबोधन में उत्तराखंड के पूर्व सेना प्रमुख स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल दोनों उत्तराखंड की धरती के गौरव हैं। एक ने भारतीय सेना का नेतृत्व किया, जबकि दूसरे ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में दशकों तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शुक्ला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता की ओर से जनरल बिपिन रावत के लिए कथित तौर पर ‘सड़क का गुंडा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। अब अजीत डोभाल को लेकर की जा रही टिप्पणी भी कांग्रेस की राजनीतिक सोच पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के इन महान सपूतों के योगदान को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है।

राजेश शुक्ला ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस के पुराने बयानों और राजनीतिक रुख का भी उल्लेख किया। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक, गलवान घाटी की घटना और ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में कांग्रेस नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सैन्य अभियानों के बाद कार्रवाई के प्रमाण और परिणाम को लेकर सवाल उठाकर कांग्रेस ने कई बार राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों को राजनीतिक बहस का मुद्दा बनाया है।

उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद आतंकवाद के खिलाफ भारत की कार्रवाई के संदर्भ में भी कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां सामने आईं। ऐसे समय में राजनीतिक दलों को देश की सुरक्षा और आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई जैसे गंभीर विषयों पर जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि जब देश की सेना आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करती है, तब उसके पराक्रम और मनोबल को मजबूत करने के बजाय संदेह का माहौल क्यों बनाया जाता है?

शुक्ला ने आतंकवाद के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के पुराने बयानों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक दलों की भाषा और रुख देशहित को ध्यान में रखकर तय होना चाहिए। उनके अनुसार, राजनीतिक विरोध के बावजूद देश की सुरक्षा और सैन्य बलों के सम्मान के विषय पर सभी दलों को जिम्मेदार आचरण करना चाहिए।

राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। देश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करने की दिशा में सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अजीत डोभाल जैसे अनुभवी सुरक्षा विशेषज्ञ की भूमिका देश के लिए महत्वपूर्ण है और उत्तराखंड के लिए भी गौरव का विषय है कि प्रदेश ने ऐसे व्यक्तित्व को जन्म दिया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी सैन्य परंपरा, राष्ट्रभक्ति और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों से है। स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल जैसे व्यक्तित्व इस परंपरा के प्रतीक हैं। ऐसे में उनके प्रति राजनीतिक टिप्पणी करते समय प्रदेश की भावनाओं और उनके राष्ट्रीय योगदान का ध्यान रखा जाना चाहिए।

प्रेस वार्ता के माध्यम से शुक्ला ने कांग्रेस नेतृत्व से अजीत डोभाल पर राहुल गांधी की टिप्पणी के संबंध में स्पष्टीकरण देने की मांग की।उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान को राजनीतिक विवादों से ऊपर रखा जाना चाहिए। उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों के सम्मान और स्वाभिमान के प्रति सजग है तथा कांग्रेस को इस विषय पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।प्रेस वार्ता मे जिला महामंत्री तरुण दत्ता, जिला मीडिया संयोजक विजय तोमर,जिला प्रकोष्ठ संयोजक राजेश तिवारी,मण्डल अध्यक्ष मुकेश पाल, मण्डल अध्यक्ष मयंक तिवारी, कार्यालय मंत्री मोर सिंह, सुरेंदर चौधरी, सजीव खन्ना उपस्थित रहे!

error: Content is protected !!